नई दिल्ली/देहरादून। रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने आखिरकार कांग्रेस का दामन थाम लिया है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए ठुकराल ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अलावा पूर्व भाजपा विधायक भीमलाल आर्य, नारायण पाल, पूर्व मेयर रुड़की गौरव गोयल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मसूरी अनुज गुप्ता कांग्रेस में शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और तिलक राज बेहड़ सहित उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ दिनों से ठुकराल सहित कई नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं तेज थीं। पार्टी आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति में अलग-थलग पड़े ठुकराल के लिए यह कदम नई शुरुआत माना जा रहा है। रुद्रपुर क्षेत्र में उनकी पकड़ को देखते हुए कांग्रेस को इससे मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेस का हाथ थामकर अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर दी है। अब उनकी इस नई पारी का असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में देखने को मिलेगी।
वही उत्तराखंड कांग्रेस नेताओं के अनुसार भाजपा के कई और नेता भी जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

