देहरादून: प्रमाण पत्र को भटक रही तान्या पहुंची डीएम के द्वार: तत्काल मिला न्याय

देहरादून: प्रमाण पत्र को भटक रही तान्या पहुंची डीएम के द्वार: तत्काल मिला न्याय

देहरादून। माता के निधन के उपरांत विगत चार वर्षों से उत्तरजीवी प्रमाण पत्र हेतु विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रही सुश्री तान्या सिंघल को जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है।

खुड़बुड़ा निवासी तान्या सिंघल ने जिलाधिकारी  को प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि उनकी माता का निधन दिसंबर 2022 में हो गया था। नगर निगम के संपत्ति रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने हेतु उन्हें उत्तरजीवी प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से परेशान थीं और विभिन्न स्तरों पर प्रयास करने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल तहसीलदार सदर को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्त अभिलेखों का परीक्षण किया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उसी दिवस 29 जनवरी को ही  तान्या सिंघल को उत्तरजीवी प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने के उपरांत तान्या सिंघल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आभार व्यक्त किया और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एवं तत्परता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नागरिकों से संबंधित प्रमाण-पत्रों एवं सेवाओं के प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

All Recent Posts Latest News उत्तराखण्ड