देहरादून। लंबे समय से खाली पड़े मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकले अब समाप्त हो गई हैं। आखिरकार धामी सरकार ने विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ लेने वाले मंत्रियों में प्रदीप बत्रा (रुड़की), मदन कौशिक (हरिद्वार), राम सिंह कैड़ा ( भीमताल), भारत चौधरी (रुद्रप्रयाग) तथा (खजान दास) राजपुर शामिल हैं।
बता दें कि वर्ष 2022 में सरकार गठन के समय मुख्यमंत्री समेत 9 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिसके बाद से कई पद खाली चल रहे थे। इसके बाद 2023 में परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और 2025 में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में कुल पांच पद रिक्त हो गए थे।
अब मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही राज्य सरकार को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने के बाद अब विभिन्न विभागों में कार्यों में तेजी आने की संभावना है।
सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने से ठीक पहले और राज्य में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले यह विस्तार काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने इस कदम के जरिए क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की भी कोशिश की है।

