देहरादून। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने कांग्रेस पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और दलित समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा की सरकारों ने दलित समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को संसद में जाने से रोकने के लिए कांग्रेस द्वारा राजनीतिक प्रयास किए गए, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान बाबा साहब से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के विकास की दिशा में भी अपेक्षित कार्य नहीं किए गए। भगवान वाल्मीकि और संत शिरोमणि रविदास जैसे महापुरुषों को भी वह सम्मान नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देती रही, लेकिन अनुसूचित जाति समाज के वास्तविक विकास के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कांग्रेस के विभिन्न नेताओं द्वारा आरक्षण को लेकर दिए गए कथित बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है।
घुनियाल ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने की पहल नहीं की और न ही उनके योगदान के अनुरूप उनसे जुड़े स्थलों का विकास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के बड़े दलित नेता बाबू जगजीवन राम को प्रधानमंत्री बनने से रोकने का प्रयास किया।
घुनियाल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अब दलित समाज के प्रति प्रेम का दिखावा कर रही है। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित समाज से होने को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही राजनीति पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी इस विषय में अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
घुनियाल ने कहा कि देश और प्रदेश का दलित समाज अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति समाज के जनप्रतिनिधि भाजपा के टिकट पर सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य पदों पर निर्वाचित होकर समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सत्ता में वापसी के लिए दलित समाज का सहारा लेना चाहती है, लेकिन वह अपने उद्देश्य में सफल नहीं होगी।
बलवीर घुनियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अनुसूचित जाति समाज के हितों और विकास के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को “भारत रत्न” दिए जाने के समय केंद्र में भाजपा भी सरकार का हिस्सा थी। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के शासनकाल में संसद भवन में बाबा साहब का चित्र स्थापित किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बाबा साहब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को “पंच तीर्थ” के रूप में विकसित किया। दिल्ली में डॉ. अंबेडकर से जुड़े संस्थान का निर्माण, अमृतसर में वाल्मीकि तीर्थ का विकास तथा संत शिरोमणि रविदास जी से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास भाजपा सरकारों द्वारा किए गए कार्यों का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती को पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। भाजपा सरकारों ने अनुसूचित जाति समाज के महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य किया है।
बलवीर घुनियाल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुसूचित जाति समाज को मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया है। इसी प्रकार उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अनुसूचित जाति समाज के विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान दिया तथा विभिन्न भाजपा कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ देकर सम्मान प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद अनुसूचित जाति समाज के विकास के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। मोदी सरकार ने गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन से पहले भगवान वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण किया गया। पंजाब के आदमपुर में संत शिरोमणि रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट के नामकरण की घोषणा भी की गई।
सफाई कर्मचारियों के हित में उठाए कदम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने सफाई कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि सफाई कर्मचारियों का बीमा कवर बढ़ाया गया, मानदेय में वृद्धि की गई तथा मृतक आश्रितों को रोजगार देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मैला ढोने की प्रथा को समाप्त करने और सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के लोगों को उद्योग और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। देशभर में करोड़ों शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता को बढ़ावा मिला है तथा मैला ढोने की प्रथा को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं तथा पीड़ितों के लिए मुआवजा राशि में भी वृद्धि की गई है।
बलवीर घुनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए हैं और भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की योजनाओं और कार्यों से स्पष्ट है कि भाजपा ही अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में दलित समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर दलित समाज को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब दलित समाज जागरूक हो चुका है।
उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को दलित समाज का समर्थन नहीं मिलेगा और अनुसूचित जाति समाज का बड़ा वर्ग भाजपा के पक्ष में खड़ा रहेगा।


