देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ के नेतृत्व एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 100 लोगों से अधिक ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का समय बदलाव का समय है। पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण प्रदेश की जनता को अनेक समस्याओं और परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता को एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करना होगा।

गोदियाल ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों से जनता में व्यापक असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए सभी नए साथियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में आपका हार्दिक स्वागत है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को राहुल गांधी के विचारों और पदचिह्नों पर चलते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करना है। उन्होंने नए सदस्यों से कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व विधायक ललित फर्सवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव अमेंद्र सिंह बिष्ट सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

