देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार के विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार के मध्य हरिद्वार क्षेत्र में 05 किमी सीसी मार्ग का निर्माण किये जाने हेतु ₹ 4.21 करोड़ तथा ज्वालापुर क्षेत्र में 05 किमी सीसी मार्ग का निर्माण किये जाने हेतु ₹ 4.83 करोड़ के साथ ही जनपद नैनीताल के विधानसभा कालाढूंगी के विकासखण्ड कोटाबाग में सरदारनगर-केशोवाला-बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-कोटाबाग-कालाढूंगी राज्य मार्ग संख्या 61 के किमी 75.200 से 81.00 तक तक बीएम/एसडीबीसी द्वारा सुधारीकरण किये जाने हेतु ₹ 05 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद उधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र गदरपुर में नेतानगर से राधास्वामी सतसंग होते हुए अमरपुर तक बीएम/एसडीबीसी द्वारा सुधारीकरण एवं आंतरिक मागों का इंटरलाकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण किये जाने हेतु ₹ 6.14 करोड़ तथा श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते चकीमोड तक सड़क का निर्माण किये जाने हेतु ₹ 5.73 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
देहरादून शहर में परफॉरमेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के तहत मुख्य सड़कों के कार्यों के लिए पर्यवेक्षण सलाहकार की नियुक्ति, इस कंसल्टेंसी सेवा में ठेकेदार के नियमित रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शामिल है तथा कंसल्टेंसी सेवाओं में पीबीएमसी की निगरानी के लिए डिजिटल तकनीकों पर आधारित एक डिजिटल डैशबोर्ड तैयार करना, बुनियादी ढांचे की निगरानी करना और इसके लिए आवश्यक तकनीकी व वित्तीय क्षमताएं जुटाना शामिल है, जिसके लिए मुख्यमंत्री द्वारा ₹ 4.63 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद देहरादून के विकासखण्ड रायपुर की इंदिरा कालौनी पेयजल योजना हेतु ₹ 3.59 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के मंदिर कुमौड का सौन्दर्यीकरण किये जाने हेतु ₹ 96 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मेला के दौरान एंटी सबोटाज जांच के लिए पुलिस विभाग को 03 बम सूट क्रय किये जाने हेतु ₹ 1.53 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।



