प्रशिक्षण महाअभियान से 38 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता राजनैतिक चुनौतियों के लिए तैयार

प्रशिक्षण महाअभियान से 38 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता राजनैतिक चुनौतियों के लिए तैयार

* मंडल, जिलों के बाद भाजपा की मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण की तैयारी

देहरादून। भाजपा ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान से 38 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को, आने वाली राजनैतिक सामाजिक चुनौतियों के लिए तैयार किया है। दो माह से अधिक समय तक सांगठनिक स्तर के सभी मंडलों एवं जिलों में संपन्न प्रशिक्षण वर्गों के बाद, पार्टी अब मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग भी शीघ्र आयोजित करने जा रही है।

प्रदेश महामंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी संविधान के अनुसार देश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में पार्टी की उत्तराखंड इकाई द्वारा तय समय अनुशार अपने सांगठनिक स्तर के सभी 304 मंडलों एवं 19 जिलों में प्रशिक्षण सत्र सम्पन्न कराए गए हैं। 7 मार्च से 15 अप्रैल के मध्य आयोजित मंडल स्तर के वर्गों में कुल 35,498 कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण पूरा किया गया है। इन एक दिवसीय वर्गों मे 7 सत्रों में वक्ताओं द्वारा अलग अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें मंडल से संबंधित मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं सरकार में दायित्वधारी शामिल हुए।

इसी क्रम में 15 अप्रैल से 20 मई के मध्य पार्टी के सभी 19 सांगठनिक जनपदों में जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। जिसमें 3244 कार्यकर्ताओं ने कुल 12 सत्रों में विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी साझा की गई। इन दो दिवसीय वर्गों में एक रात्रि का प्रवास अनिवार्य रूप से प्रतिभागियों द्वारा किया गया। प्रशिक्षणार्थियों में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत जनपद से संबंधित मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं सरकार में दायित्वधारी शामिल हुए।

परिहार ने संपन्न हुए मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों को लेकर संतुष्टि जताते हुए कहा, शीघ्र अभियान के शेष क्रम को भी पूरा किया जाएगा। जिसके तहत अगले चरण में मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर पर संयुक्त मोर्चों एवं प्रकोष्ठों का प्रशिक्षण वर्ग चलाया जाएगा। इसी तरह 3 दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के साथ उत्तराखंड में यह अभियान पूरा हो जाएगा।

Latest News