राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन होगा मिशन 2027 मे जीत की कुंजी: भट्ट

राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन होगा मिशन 2027 मे जीत की कुंजी: भट्ट

देहरादून। भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को चुनावी तैयारी की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए जीत का मार्गदर्शन प्राप्त होने की उम्मीद जताई है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष का अपनी सबसे छोटी इकाई बूथ समिति से चर्चा करना, हमारे संगठन की ताकत और सोच दर्शाने के लिए काफी है। इससे अलग कुछ सवालों के जवाब में उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत को कोश्यारी जी से प्रेरणा लेकर राजनीति से किनारा करने की सलाह देते हुए, तेल की कीमतों में वृद्धि को खाड़ी युद्ध का तात्कालिक प्रभाव बताते हुए, शीघ्र स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई है।

पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की लगातार दूसरे दिन विशेष बैठक से पूर्व उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिए। दौरे की तैयारी को लेकर पूछे सवाल का ज़बाब देते हुए उन्होंने बताया कि अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

संगठन की तरफ से दो दर्जन से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ताओं विशेषकर युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा जौलीग्रांट एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। अलग अलग स्थानीय लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक तरीके से होने वाले इस स्वागत को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि 27 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का आना प्रत्येक कार्यकर्ता का उत्साहवर्धन और नया जोश भरने का काम करेगा। इस दौरान विभिन्न बैठकों और व्याख्यानों में मिलने वाला उनका मार्गदर्शन आगामी विधानसभा चुनावों में जीत की हैट्रिक निष्कंटक बनाने में बहुत महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। उनके द्वारा बताई जाने वाली चुनावी रणनीति और समसामयिक विषयों पर विस्तृत पक्ष, पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए अकाट्य चुनावी हथियार की तरह काम करेगा।

वैश्विक संकट मे भी जनता तक नही पहुंची महंगाई की आंच

वहीं इस दौरे से अलग तेल की कीमतों में हुई वृद्धि को उन्होंने अमेरिका ईरान युद्ध संकट के चलते स्वभावित एवं तात्कालिक प्रभाव बताया। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर कच्चे तेल के दाम लगातार रिकॉर्ड स्तर पर तीन अंकों के पार बने हुए हैं। जिसके कारण दुनिया के अधिकांश देशों में पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में 25 से 50 फीसदी तक वृद्धि हुई है। इनमें वे देश भी हैं जो तेल को लेकर आत्मनिर्भर हैं या विकसित देशों की श्रेणी में हैं। लेकिन वावजूद उसके पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व, रणनीति एवं कूटनीति के कारण भारत इससे अछूता रहा था। सरकार द्वारा स्वयं पर बोझ लेते हुए, बेहतरीन ऊर्जा प्रबंधन से जनता तक संकट की आंच नहीं पहुंचने दी। लेकिन अब जब संघर्ष थोड़ा लंबा खिंच रहा है और तेल कंपनियों का घाटा लिमिट से बाहर हो रहा है। जिसे देखते हुए न चाहते हुए भी तेल के दामों में तात्कालिक रूप से न्यूनतम वृद्धि की गयी है। चूंकि कच्चे तेल के दामों में वैश्विक स्तर पर उतार चढ़ाव आते रहते हैं, लिहाजा उसके अनुसार दाम भी फिर से बेहतर हो सकते हैं। मोदी सरकार आम लोगों की चिंता करती है तभी विगत चार वर्षों में इससे पूर्व एक बार भी दाम नहीं बढ़ाये गए, इतना ही नहीं एकसाथ 10 रुपए तक दाम घटाकर जनता को राहत दी गई। प्रदेश और देश की जनता वैश्विक परिस्थितियां और सरकार की सीमाओं को भी अच्छे तरह से समझती है। वो पीएम मोदी की ऊर्जा बचत के संदेश का भी अनुशरण कर रही है और तेल कीमत वृद्धि को भी समझ रही है। बेहतर है विपक्ष भी देशहित में इसे राजनैतिक चश्मे से देखने के बजाय सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करें।

भगत दा से प्रेरणा ले हर दा, राजनीति छोड़, करें समाजसेवा : भट्ट

इसी तरह पूर्व सीएम कोश्यारी के पूर्व सीएम हरीश रावत के कार्यक्रम में पहुंचने पर पूछे सवाल के ज़बाब में कहा, रावत जी को भगत दा से प्रेरणा लेनी चाहिए। क्योंकि जिस तरह कोश्यारी जी राजनीति से दूरी बनाते हुए, सामाजिक योगदान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, ठीक वैसे ही हरदा को करने की जरूरत है। वैसे भी उनके प्रति जनता में विश्वास और कांग्रेस पार्टी में अहमियत दोनों लगभग समाप्त हो गई है। लिहाजा उन्हें प्रेरणा लेते हुए सक्रिय राजनीति से किनारा कर समाज में योगदान बढ़ाना चाहिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवास के दौरान कार्यक्रम की जिम्मेदारी तय

प्रदेश मोडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर तय कार्यक्रमों और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवास के प्रथम दिवस राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में होने वाले कार्यक्रमों, कोर कमेटी एवं मंत्री गणों की बैठकों की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, आगमन एवं प्रस्थान की जिम्मेदारी नलिन भट्ट को दी गई है। दूसरे दिन मुख्यमंत्री आवास एवं दिवंगत पूर्व सीएम बी सी खंडूरी के आवास आदि कार्यक्रमों की ज़िम्मेदारी सिद्धार्थ अग्रवाल, सांसद एवं विधायकों के साथ बैठक की जिम्मेदारी कुंदन परिहार, प्रदेश पदाधिकारी प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री जिला प्रभारी, सहप्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की जिम्मेदारी शैलेंद्र बिष्ट, महापौर नगर पालिका, अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक की जिम्मेदारी श्री तरुण बंसल को दी गई है।

इसी तरह मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश प्रवक्तागणों से संवाद की जिम्मेदारी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान को सौंपी गई है। प्रवास के अंतिम और तीसरे दिन प्रातः टपकेश्वर मंदिर दर्शन कार्यक्रम की जिम्मेदारी सिद्धार्थ अग्रवाल, बूथ अध्यक्ष के घर जलपान जिला महामंत्री सुरेंद्र राणा, बूथ समिति की बैठक की जिम्मेदारी ज़िला अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रबुद्ध गोष्ठी की जिम्मेदारी विनय रूहेला, युवा संवाद कार्यक्रम की जिम्मेदारी आदित्य चौहान को दी गई है।

Latest News