भगतदा को पद्म भूषण प्रत्येक देवभूमिवासी के लिए गौरवशाली : भट्ट

भगतदा को पद्म भूषण प्रत्येक देवभूमिवासी के लिए गौरवशाली : भट्ट

* भगतदा की सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा का सम्मान है पदम भूषण : भट्ट

देहरादून। भाजपा ने पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण पुरस्कार मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे देवभूमि के लिए गौरवमयी क्षण बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, ये पुरस्कार भगतदा की सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा की अनवरत यात्रा का सम्मान है।

उन्होंने प्रदेश में पार्टी के संरक्षक और मार्गदर्शक कोश्यारी को मिले पद्म भूषण के गौरवपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। अपने बधाई संदेश में कहा कि श्रद्धेय कोश्यारी जी का पूरा जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित रहा है। उत्तर प्रदेश के समय से लेकर उत्तराखंड राज्य दोलन और उसके बाद नए राज्य के विकास में उनका योगदान अतुलनीय और अभूतपूर्व है। एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और संगठन के शिल्पकार के रूप में उन्होंने हमेशा अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए काम किया है। आज जब वह राजनीति से दूरी बनाते हुए सामाजिक कार्यों में जुटे हैं तो भी अंत्योदय कल्याण की उनकी यात्रा अभी भी जारी है। उनका यह सम्मान सिर्फ उनका या भाजपा का नहीं बल्कि हर उत्तराखंडी के लिए गौरव की बात है।

उन्हें भगत दा को बधाई देते हुए कहा कि आपका सादगीपूर्ण जीवन, सरल व्यवहार और उच्च विचार हम सभी के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणादायक हैं। आपने राजनैतिक रूप से कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री और प्रशासक के रूप में राज्यपाल की भूमिका में अपने निर्णयों से जनता के कल्याण और विकास के साथ संवैधानिक गरिमा को भी नई ऊंचाइयां दीं। यह पुरस्कार उनकी दशकों लंबी जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान की सच्ची पहचान है।

उन्होंने उत्तराखंड भाजपा के सभी पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों और देवभूमि के समस्त कार्यकर्ताओं की तरफ से उनके भगत दा को बहुत बहुत बधाई दी। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की है।

Latest News