* उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा : भाजपा महिला मोर्चा
देहरादून। सोशल मीडिया पर स्वयं को “पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति द्वारा भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं के विरुद्ध की गई अभद्र, अशोभनीय तथा महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाली टिप्पणियों के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने पूरे प्रदेश में कानूनी कार्रवाई का अभियान प्रारंभ किया।
इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों ने देहरादून के पटेल नगर चौकी एवं डालनवाला थाने में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराई। इसके साथ ही टिहरी, हल्द्वानी और रुड़की सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का मंच अवश्य है, किंतु किसी भी महिला के सम्मान, गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाने, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने अथवा चरित्रहनन का प्रयास करने का किसी को अधिकार नहीं है। लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के अनेक सभ्य और संवैधानिक माध्यम हैं, लेकिन महिलाओं के विरुद्ध अपमानजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति सदैव समाज में संस्कार, सम्मान और मर्यादा की प्रतीक रही है। ऐसी महिला-विरोधी मानसिकता न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि पूरे समाज के संस्कारों पर भी आघात है। भाजपा महिला मोर्चा इस प्रकार की सोच का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से दृढ़ता से प्रतिरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा महिला मोर्चा की बहनें अपने-अपने जिलों में शिकायत दर्ज कराकर यह स्पष्ट संदेश दे रही हैं कि महिलाओं के सम्मान पर हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। सोशल मीडिया पर महिलाओं को निशाना बनाकर अपमानित करने वालों के विरुद्ध अब संगठित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महिला मोर्चा ने उत्तराखंड पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच करते हुए दोषी के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।
भाजपा महिला मोर्चा ने दोहराया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को यह समझना होगा कि अब हर अपमान का जवाब कानून और संगठित जनशक्ति दोनों देंगे।

