कांग्रेस को झटका: महिला जिलाध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल

कांग्रेस को झटका: महिला जिलाध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल

* ज्वाइनिंग, भाजपा के प्रति मातृ शक्ति की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है : भट्ट

* डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं: भट्ट

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस को एक और बड़ा झटका देते हुए उनकी वरिष्ठ महिला नेत्री के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों को पार्टी में शामिल किया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए, इसे मातृ शक्ति समेत सभी वर्गों में भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस ज्वाइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने सभी नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर संगठन की विधिवत सदस्यता दिलाई। आज भाजपा का दामन थामने वालों में कांग्रेस की रुद्रपुर महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा सोनकर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजू सोनकर प्रमुख रहे। उनके साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक राणा, पूर्व प्रधान रूप सिंह राणा एवं पूर्व सैनिक प्रवेश सिंह राणा ने भी भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों, सिद्धांतों और विचारों में अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

​इस अवसर पर अपने सम्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, आज भाजपा के प्रति समाज के हर वर्ग, विशेषकर मातृ शक्ति की विश्वसनीयता निरंतर बढ़ रही है। इन वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आने से संगठन को रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में और अधिक मजबूती मिलेगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों का ही नतीजा है। जिसके चलते विपक्षी दलों के नेता लगातार प्रभावित होकर भाजपा परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। आज उत्तराखंड की जनता धरातल पर विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को अनुभव कर रही है।

यही कारण है कि आज राजनेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के ऊपर भी जनता का यह दबाव है कि वे प्रदेश और देश को विकसित बनाने के इस महान विकास यज्ञ में सहभागी बनें। साथ ही उम्मीद जताई कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस सदस्यता कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार,  तरुण बंसल, दायित्वधारी विनय रूहेला, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी शामिल थे।

All Recent Posts Latest News उत्तराखण्ड